रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhatisgarh) में कोरोना वायरस संक्रमण के 395 नए मामले सामने आए. राज्य में वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 10,932 हो गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि आज संक्रमण के 395 नए मामलों की पुष्टि हुई. इनमें रायपुर जिले से 174, दुर्ग से 53, बिलासपुर से 37, राजनांदगांव से 31, रायगढ़ से 19, नारायणपुर से 12, जांजगीर-चांपा से नौ, कोरबा और बलरामपुर से आठ-आठ, गरियाबंद से सात, बालोद, महासमुंद, कांकेर और अन्य राज्य से छह-छह, जशपुर से तीन, धमतरी, बलौदाबाजार, सरगुजा और कोरिया से दो-दो तथा बेमेतरा और सूरजपुर से एक-एक मरीज शामिल हैं.
अधिकारियों ने बताया कि रायपुर के फाफाडीह क्षेत्र के निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति को सांस की बीमारी तथा कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने पर उसे 31 जुलाई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उक्त व्यक्ति की इलाज के दौरान आज मौत हो गई. उन्होंने बताया कि रायपुर के मठपुरैना निवासी 60 वर्षीय महिला अनियंत्रित मधुमेह से पीड़ित थी. अर्धचेतना और सांस लेने में तकलीफ होने की अवस्था में उसे 31 जुलाई को डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने पर उसके नमूनों की जांच की गई जिसमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके बाद उसे चार अगस्त को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायपुर भेजा गया जहां उसकी मृत्यु हो गई.
उन्होंने बताया कि रायपुर के गुढ़ियारी रायपुर निवासी 63 वर्षीय पुरूष को पक्षाघात, उच्च रक्तचाप, सांस लेने में तकलीफ तथा बुखार की दशा में पांच अगस्त को देर रात उसे एम्स में भर्ती कराया गया था तथा देर रात ही उसकी मौत हो गई. मरीज में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है. अधिकारियों ने बताया कि महासमुंद जिले के निवासी 55 वर्षीय पुरूष सात दिनों से बुखार और खांसी से पीड़ित थे. उसे दो अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था. उनमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई थी. आज सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि जांजगीर चांपा के जमगहन गांव निवासी 40 वर्षीय पुरूष मरीज ने कोविड केयर केन्द्र में आज फांसी लगाकर जान दे दी. उसे चार अगस्त को केंद्र में भर्ती कराया गया था. अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के परीक्षण के लिए कुल 352681 नमूनों की जांच की गई है. इनमें 10932 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है. वहीं 8088 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है. राज्य में 2767 मरीजों का इलाज किया जा रहा है. राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित 77 लोगों की मौत हुई है.
