एयर इंडिया विमान हादसा…..पायलट समेत 18 लोगों की मौत,

नई दिल्ली। केरल के कोझिकोड एयरपोर्ट में बड़ा विमान हादसा हो गया.  एयर इंडिया का विमान एयरपोर्ट पर लैडिंग के वक्त फिसल गया. इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 123 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मृतकों में विमान के दोनों पायलट भी शामिल हैं. विमान में कुल 191 लोग सवार थे. इनमें 174 यात्री, 10 नवजात, दो पायलट और 5 क्रू मेंबर शामिल हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया है. वहीं हादसे का जायजा लेने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी कोझिकोड रवाना हो गए हैं.

कोझीकोड के कारीपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान उतरते वक्त फिसलकर एयरपोर्ट से सटी घाटी में करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरकर दो हिस्सों में टूट गया. इस घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं. घायल यात्रियों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया है.

केरल के डीजीपी ने बताया कि 18 लोगों की मौत हुई है. कुछ लोग मलबे में भी फंस गए थे. हादसे की पुख्ता वजह जांच के बाद सामने आएगी लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान रनवे को पार कर गया. बता दें कि कोझिकोड का रनवे ज्यादा लंबा नहीं है. और वहां भारी बारिश हो रही थी. इस वजह से रनवे पर पानी भरा था. ऐसे में दुबई से उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान शाम को कोझिकोड पहुंचा था. हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ.

परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

एयर इंडिया ने यात्रियों के संबंध में जानकारी के लिए पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सेंटर शुरू किया है. फ्लाइट में सवार यात्रियों के परिजन या दोस्त उनके संबंध में जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं. हादसे के बाद जारी हेल्पलाइन नंबर (0565463903, 0543090572, 0543090572, 0543090575) पर संपर्क किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *