नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत नाजुक बनी हुई है. मुखर्जी आर्मी के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल की आइसीयू में भर्ती हैं. अस्पताल के मुताबिक, शरीर में रक्त का संचार बना हुआ है, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ है. वे अभी वेंटिलेटर पर हैं.
भारत रत्न से सम्मानित प्रणब मुखर्जी (84) को सोमवार को सैन्य अस्पताल में भर्ती किया गया था. ब्रेन सर्जरी से पहले उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी. इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना कि मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति की हालत बिगड़ गई और उनकी स्थिति में सुधार का कोई लक्षण नहीं दिखा है.
प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी ने ट्वीट कर पिता के स्वास्थ्य की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मेरे पिता प्रणव मुखर्जी अभी भी जीवित हैं और हेमोडायनामिक रूप से स्थिर हैं. प्रतिष्ठित पत्रकारों द्वारा सोशल मीडिया पर अटकलें और फर्जी खबरे प्रसारित की जा रही, इससे साफ जाहिर होता है कि भारत में मीडिया फेक न्यूज का कारखाना बन गया है.