रायपुर : ​​​​​​​बीजापुर में बाढ़ बचाव दल ने 260 जवानों एवं ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला

एसडीआरएफ की टीम के साथ नगर सेना के बचाव दल ने निभायी अहम भूमिका

रायपुर, 18 अगस्त 2020

प्रदेश के बीजापुर जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण विगत 15 अगस्त को रात्रि में जिले के विभिन्न ईलाके में बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई थी। इस दौरान 15 अगस्त की रात्रि से 16 अगस्त तक बाढ़ बचाव दल ने 260 जवानों एवं ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। जिसमें एसडीआरएफ जगदलपुर की 3 बचाव दलों के साथ नगर सेना के प्रशिक्षित 20 जवानों के बचाव दल ने अहम भूमिका निभायी। इस बारे में नगर सेना के जिला सेनानी श्री संजय गुप्ता ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के बाढ़ आपदा से प्रभावित मिनगाचल सीआरपीएफ केम्प से 150 जवानों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं मिनगाचल बोगाम पारा, कोमला, नैमेड़ भट्टीपारा और भैरमगढ़ तहसील अन्तर्गत विभिन्न स्थानों से 110 ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान बचाव दल के मोटर बोट क्षतिग्रस्त होने पर दिक्कत होने के बावजूद बचाव दल ने कुशलता के साथ ग्रामीणों को बाढ़ग्रस्त ईलाके से सुरक्षित निकाला। उन्होने बताया कि जिले में वर्तमान में हो रही बारिश को देखते हुए जिले के नेलसनार, जांगला, बीजापुर और भोपालपटनम में बाढ़ बचाव दल तैनात है, ताकि बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर तत्काल बचाव एवं राहत कार्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *