रायपुर से इंदौर-अहमदाबाद और लखनऊ के लिए उड़ानें आज से……

रायपुर. अनलाॅक होने के बाद रायपुर से विभिन्न शहरों की हवाई कनेक्टिविटी धीरे-धीरे प्रारंभ होने लगी है। इसी दौर में मंगलवार से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से इंदौर-अमहदाबाद तथा लखनऊ के लिए विमान सेवा प्रारंभ हो जाएगी। निजी एयरलाइंस कंपनी इंडिगो इन सेक्टरों में अपनी दो फ्लाइट का संचालन करेगी। इन्हें मिलाकर रायपुर से नौ शहरों के लिए हवाई संपर्क हो जाएगा। दो माह लॉकडाउन के बाद 25 मई से रायपुर एयरपोर्ट से विमानों का संचालन शुरू किया गया है और धीरे-धीरे यहां से नए शहर भी फ्लाइट के माध्यम से जुड़ने लगे हैं। मंगलवार से रायपुर से लखनऊ के लिए सीधी विमान सेवा प्रारंभ हो जाएगी। इंडिगो इस फ्लाइट का पू्र्व में नियमित संचालन करती थी, जो लाॅकडाउन के दौरान बंद हो गई। इस फ्लाइट के प्रारंभ होने के बाद उत्तर भारत की ओर जाने वाले लोगों को पुन: सुविधा मिलने लगेगी। इसी तरह इंडिगो की एक फ्लाइट रायपुर-इंदौर-अहमदाबाद के बीच भी आवाजाही करेगी। यह फ्लाइट दो नए शहरों को जोड़ेगी। पूर्व में इंदौर के लिए फ्लाइट सेवा नहीं थी। वहीं ट्रेन के माध्यम से भी वहां जाने वाले यात्रियों को बहुत लंबा सफर तय करना पड़ता था। इस फ्लाइट के जरिए रायपुर-इंदौर का लंबा सफर चंद घंटे में पूरा हो जाएगा। यह फ्लाइट इंदौर से अहमदाबाद भी जाएगी। अहमदाबाद के लिए पिछले चार साल से फ्लाइट का इंतजार किया जा रहा था। पू्र्व में इसी एयरलाइंस कंपनी ने अहमदाबाद के लिए विमान सेवा प्रारंभ की थी, जिसे बाद में गोवा के लिए संचालित किया जाने लगा था। वर्तमान में यहां बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, झारसुगुड़ा फ्लाइट का संचालन होता था, जिसमें मंगलवार से इंदौर, अहमदाबाद और लखनऊ भी जुड़ जाएगा। इसे मिलाकर इंडिगो की दस, एयरइंडिया की 2 तथा विस्तारा एयरलाइंस द्वारा 1 फ्लाइट रायपुर से संचालित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *