सुशांत सिंह राजपूत केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। सीबीआई ने इस मामले में संदेह के घेरे में चल रहे कई लोगों से पूछताछ की है जिसमें सुशांत के करीबी दोस्त सिद्धार्थ पिठानी भी शामिल हैं।
सुशांत केस की जांच में जुटी सीबीआई की टीम ने सुशांत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी को पूछताछ के लिए लगातार 5 वीं बार बुलाया है। सिद्धार्थ पिठानी मुंबई के सांताक्रूज स्थित डीआरडीओ गेस्ट हाउस पहुंच गए हैं, जहां सीबीआई की टीम ठहरी हुई है। सीबीआई ने सुशांत के घरेलू सहायक नीरज और दीपेश सावंत को भी पूछताछ के लिए गेस्ट हाउस बुलाया है।
बता दें सीबीआई ने रसोइये नीरज, घरेलू सहायक दीपेश सावंत और दोस्त सिद्धार्थ पिठानी के बयान में विरोधाभाष पाया है। मुंबई पुलिस को दिए बयान और तीनों द्वारा बताई गई क्राइम थ्योरी से सीबीआई संतुष्ट नहीं है। सीबीआई बीते 5 दिनों से 13 जून से लेकर 14 जून के घटनाक्रम की तफ्तीश कर रही है। सीबीआई का फोकस इन तथ्यों पर है कि सुशांत की मौत किस परिस्थिति में हुई और उनकी मौत से किन-किन लोगों को फायदा हो सकता था।
ये तीन व्यक्ति बांद्रा के मोंट ब्लांक अपार्टमेंट में स्थित राजपूत के घर में उस दिन मौजूद थे, जब 34 वर्षीय अभिनेता 14 जून को अपने कमरे में फंदे से लटके मिले थे।
इस बीच AIMMS के सूत्रों ने रिपब्लिक भारत को बताया कि AIIMS के डॉक्टर सुशांत की अटॉप्सी और विसरा रिपोर्ट की जांच करके शुक्रवार तक CBI को सौंपेंगे। इससे साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए हैं। एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि इस मामले की ‘हत्या के एंगल’ से जांच होनी चाहिए।
