शौविक और सैमुअल पर कसा NCB का शिकंजा, छापेमारी के बाद अधिकारी ने किया ब्रीफ

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के प्रकरण से जुड़े ड्रग्स मामले की जांच के सिलसिले में प्रमुख आरोपी रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा के परिसरों पर शुक्रवार की सुबह को छापेमारी की।
ढाई घंटे से अधिक चली पूछताछ के बाद शौविक और सैमुअल को हिरासत में ले लिया है, जिसके बाद एजेंसी के दफ्तर में अब दोनों से पूछताछ की जाएगी।

वहीं एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर एमके जैन ने मीडिया से बात करते हुए छापेमारी को लेकर ब्रीफ किया। उन्होंने बताया कि शौविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा के घर पर छापेमारी किया गई, इस दौरान एजेंसी के अधिकारी वहां मौजूद थे। हमने दोनों व्यक्तियों को उपस्थित रहने के लिए कहा था।

गौरतलब है कि सैमुअल राजपूत के हाउस मैनेजर थे। एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मीडिया कर्मियों के वहां मौजूद होने की वजह से दोनों ने अधिकारियों से कहा कि वे एनसीबी दल के साथ ही आएंगे। अधिकारी ने बताया कि उन्हें एनसीबी के तलाशी दल द्वारा लाया जा रहा है और अब उनसे पूछताछ की जाएगी।

एनसीबी ने इस मामले में अभी तक महाराष्ट्र की राजधानी में सक्रिय दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है।

एजेंसी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा साझा की गई एक रिपोर्ट के बाद ‘नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस’ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है। ईडी ने रिया के दो मोबाइल फोन की जांच के बाद यह रिपोर्ट साझा की थी।

गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में 14 जून को मृत मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *