राजनांदगांव 09 सितम्बर 2020
कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा के निर्देशानुसार वैश्विक महामारी कोविड-19 के संक्रमण से बचाव एवं नागरिकों के रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अरविन्द मरावी के नेतृत्व में आयुष विभाग राजनांदगांव सतत प्रयासरत है। जिसके अंतर्गत जिले में आयुर्वेद काढ़ा, यूनानी व होम्योपैथी की औषधि राजनांदगांव जिला नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आयुष पॉलीक्लिनिक मोतीपुर, आयुषविंग, जिला चिकित्सालय बसंतपुर एवं शासकीय होम्योपैथी औषधालय रानीसागर के नीचे गौरव पथ में नि:शुल्क आयुष काढ़ा एवं होम्योपैथिक औषधि वितरित किया जा रहा है। संस्था में प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के आयुर्वेदिक उपाय –
गर्म पानी की भांप दिन में 3 बार अवश्य लें। दिन भर गर्म पानी पीएं। 15 मिनट धूप स्नान जरूर करें। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान करें। हल्दी, जीरा, धनिया एवं लहसुन आदि मसालों का भोजन में प्रयोग करना, तुलसी 40 ग्राम, काली मिर्च 20 ग्राम, सोंठ 20 ग्राम, दालचीनी 20 ग्राम इन्हें सुखाकर पाउडर बनाकर हवा बंद डिब्बे बंद में रख लें और 3 ग्राम पाउडर को 150 एमएल पानी में उबाल कर दिन में एक से दो बार सेवन करना चाहिए।
त्रिकटु पाउडर 5 ग्राम, तुलसी 3 से 5 पत्तियां एक लीटर पानी में डालकर उबालें, आधा शेष रहने पर पीना चाहिए। गोल्डन मिल्क 150 मिली गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी चूर्ण मिलाकर दिन में एक से दो बार लेना चाहिए।
जो भी समाजसेवी संस्था जो अपने-अपने क्षेत्र में जन सामान्य को आयुर्वेद काढ़ा पिलाना चाहते है, वे औषधि के लिए श्री लोकेश्वर साहू, मोबाईल नंबर 7000235236 में संपर्क कर सकते हैं।
