देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना की सबसे बड़ी उछाल, पिछले 24 घंटे में 97570 नए मामले

देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिला है। शनिवार को एक बार फिर एक दिन में कोरोना संक्रमण के नए मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। शनिवार को 97,570 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 46 लाख 59 हजार से अधिक हो गई है। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आंकड़े के अनुसार, अब तक 36 लाख 24 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,201 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 77,472 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 46,59,985 हो गए हैं, जिनमें से 9,58,316 लोगों का उपचार चल रहा है और 36,24,197 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 77.77 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.66 फीसदी है। वहीं, 20.56 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। देश में कोरोना मृत्यु दर वैश्विक औसत से भी कम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *