रायपुर : राज्यपाल की पहल से मध्यप्रदेश के छिन्दवाड़ा में आक्सीजन गैस सिलेंडर की समस्या हुई दूर

छिंदवाड़ा जिले के सामाजिक संगठनों ने राज्यपाल के प्रति किया आभार व्यक्त

रायपुर, 14 सितम्बर 2020

राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके की विशेष पहल पर मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले को छत्तीसगढ़ दुर्ग जिले से लिक्विड ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसके लिए छिंदवाड़ा जिले के सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कोरोना वायरस से संक्रमित गंभीर रोगियों को जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन गैस देकर उनकी जान बचाई जाती हैं। इस समय सभी अस्पतालों में लिक्विड ऑक्सीजन गैस की सिलेण्डरों की आवश्यकता सबसे अधिक है। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में नागपुर से लिक्विड ऑक्सीजन गैस का प्रदाय किया जाता रहा है। परन्तु गत दिनों वहां अपरिहार्य कारणों से आक्सीजन गैस की आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे छिंदवाड़ा जिले में ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की कमी आ गई। तब छिन्दवाड़ा जिले के कलेक्टर ने राज्यपाल से दुर्ग जिले से लिक्विड आक्सीजन गैस की आपूर्ति के लिए मदद का आग्रह किया। राज्यपाल सुश्री उइके को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने दुर्ग जिले के कलेक्टर एवं छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर छिंदवाड़ा जिले को लिक्विड आक्सीजन गैस प्रदाय करने के निर्देश दिए। दुर्ग जिले के कलेक्टर व शासन के अधिकारियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए छिन्दवाड़ा जिले में लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था की। इसके लिए छिंदवाड़ा के सामाजिक संगठन रोटरेक्ट क्लब, ओम साई मल्टीपर्पस वेलफेयर सोसाइटी, कोरोना हेल्प लाईन, के.के. एफ. संस्था ने राज्यपाल तथा दुर्ग जिले के कलेक्टर श्री सर्वेश्वर भूरे का आभार व्यक्त किया। वहां के नागरिकों ने कहा कि राज्यपाल सुश्री उइके ने इस संकट की घड़ी में मदद कर मानवता की मिसाल पेश की है। यह उनकी संवेदनशीलता की पहचान है कि वे बिना किसी कठिन प्रक्रिया के इस कार्य के लिए मदद की। राज्यपाल ने त्वरित कार्यवाही के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और दुर्ग जिले के कलेक्टर की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *