प्रदेश में मौत का आंकड़ा 600 पार, 47 दिनों में ही 580 जानें गईं, 3189 नए मरीज

कोरोना के रायपुर में बुधवार को 717 और प्रदेश में 3189 नए मरीज मिले हैं। रायपुर में 10 और प्रदेश में 22 की मौत भी हुई है। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 611 पहुंच गई है जबकि रायपुर में 288 की जान जा चुकी है। छह सौ में 580 मौतें अगस्त व सितंबर में पिछले केवल 47 दिनों में हुई है। इस बीच नए मरीजों के साथ प्रदेश में पॉजिटिव केस 73968 हो गए हैं। फिलहाल एक्टिव केस की संख्या 37470 है। रायपुर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हजार 338 हो चुकी है। प्रदेश में कोरोना से पहली मौत रायपुर में 29 मई को हुई थी। बिरगांव के एक युवक ने निजी अस्पताल में दम तोड़ा था। 31 जुलाई तक केवल 54 लोगों की जान गई थी जबकि अगस्त में 224 और सितंबर के 16 दिनों में 322 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा रायपुर में 288 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद बिलासपुर में 64, दुर्ग में 59, राजनांदगांव में 33 व रायगढ़ में 34 मरीजों की मौत गई है।

सीनियर न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव साहू व हिमेटोलॉजिस्ट डॉ. विकास गोयल के अनुसार इन दिनों अस्पताल में गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जो मरीज आ रहे हैं, उन्हें सांस लेने की दिक्कत के साथ दूसरी बीमारी से भी ग्रसित होते हैं। ऐसे लोगों की जान 12 से 24 घंटे में जा रही है। ऐसे में जरूरी है कि सर्दी, खांसी, बुखार व सांस लेने में दिक्कत होने पर तत्काल कोरोना टेस्ट करवाएं। जल्दी जांच होने से इलाज भी जल्दी शुरू होगा। इससे बॉडी में वायरल लोड कम होगा और मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *