रायपुर। कॉलेजों में उत्तर पुस्तिका वितरण का आज पहला दिन है। उत्तर पुस्तिकाएं लेने छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सोशल डिस्टेंसिंग की परवाह किए बिना यहां छात्रों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।
कॉलेजों में सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया गया है। अव्यवस्था को लेकर NSUI और ABVP ने चेतावनी दी है। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्थाएं नहीं सुधरी तो कल विश्वविद्यालय और कॉलेजों में जोरदार प्रदर्शन होगा।
वहीं राजधानी रायपुर से सटे राजिम में भी शासकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। यहां उत्तर पुस्तिका का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान महाविद्यालय प्रबंधन की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का बिलकुल भी पालन नहीं किया जा रहा है। छात्रों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है, वहीं सूचना देने के बाद भी महाविद्यालय प्रबंधन मौन हैं।
