गौठान में निश्चित मापदण्ड के अनुरूप वर्मी कम्पोस्ट बनाने के दिए निर्देश – कलेक्टर : गिरदावरी शत प्रतिशत सत्यता के साथ गिरदावरी का प्रकाशन जल्द करें

राजनांदगांव 22 सितम्बर 2020

कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में कोरोना संक्रमण के प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करने तथा राज्य की प्राथमिकता वाली योजनाओं का उचित क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शहर में व्यवसायिक गतिविधियां होने से लोगों की आवाजाही बढ़ी है। इस स्थिति में कोरोना के प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करना जरूरी है। सोशल डिस्टेसिंग का पालन तथा मास्क लगाना अनिवार्य है। इसका पालन नहीं करने वाले पर लगातार कार्रवाई करें। जिन स्थानों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है, वहां प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। होम आइसोलेशन में रहने वाले और उनके परिवार के सदस्य घर से बाहर नहीं निकले, इस पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने परिस्थिति को देखते हुए कहा कि कोरोना सैम्पल लेने में कमी नहीं आनी चाहिए। जब कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पहचान होगी तभी इन मरीजों को आइसोलेशन में रखकर संक्रमण की चेन तोड़ा जा सकता है। सभी अधिकारी अन्य कार्यों के साथ कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगातार कार्य करें।
कलेक्टर श्री वर्मा ने गोधन न्याय योजना में सभी नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने कहा है। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वर्मी बेड से कम्पोस्ट निकालना प्रारंभ होना चाहिए। प्रत्येक गौठान में निश्चित मापदण्ड के अनुरूप वर्मी कम्पोस्ट बनाने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को प्राथमिकता से इस कार्य की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक गौठान इसी जिले में है, इसके अनुरूप वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण होना चाहिए। प्रत्येक गौठान में स्वसहायता समूह को प्रशिक्षण दिया जाए और इस दिशा में लगातार कार्य करें। कलेक्टर श्री वर्मा ने फसल गिरदावरी शत प्रतिशत सत्यता के साथ इसका प्रकाशन जल्द ही करने कहा। उन्होंने कहा कि फसल क्षति की राशि का आबंटन तहसीलों को कर दिया गया है इसका आहरण कर वितरण का कार्य करें, जिससे किसानों को जल्द ही क्षतिपूर्ति राशि मिल सके और बचे हुए फसल क्षति कार्य को जल्द ही पूरा करें। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि ऐसे गौठानों तथा धान खरीदी केन्द्र का चिन्हांकन किया जाए, जहां अधिक जगह हो उन गौठानों में वर्मी बेड तथा धान संग्रहण केन्द्रों में धान चबूतरा का निर्माण किया जा सके।
कलेक्टर श्री वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिकता वाली कार्य गर्भवती महिलाओं का रजिस्टे्रशन, एएनसी चेकअप में आई कमी को देखकर बीएमओ के कार्य के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा कि सभी फील्ड में कार्य करने वाले एएनएम, मितानिन तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस कार्य में गति लाए। इसके लिए अभियान चलाने की जरूरत है। इसके लिए प्रत्येक महीने किए जाने वाले कार्यों का रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों के लिए स्वीकृत निर्माण कार्य को जल्द ही प्रारंभ करने कहा है। जिन जगहों पर इसका निर्माण किया जाना है वहां जनपद सीईओ निरीक्षण करें। ताकि निर्माण में कोई समस्या न आए। कलेक्टर श्री वर्मा ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जन चौपाल से आए पत्रों का निराकरण करने कहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि होम आइसोलेशन की मॉनिटरिंग कड़ाई से होनी चाहिए। 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को चिन्हांकित करके समय पर उनके स्वास्थ्य का चेकअप करते रहें तथा दवाईयां उपलब्ध कराएं। आक्सीजन लेवल कम होने पर आक्सीजन उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अनुविभाग स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *