भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित जीवनशैली, बेतरतीब खानपान, ओवर थिंकिंग यानी अधिक सोचना, ज्यादा तनाव… ये तमाम चीजें है, जो आपको मानसिक तौर पर परेशान करते हैं और आपके हृदय को प्रभावित करते हैं। यहीं से धीरे-धीरे पनपती है दिल की बीमारियां। दुनियाभर में हृदय से जुड़ी बीमारियों से बहुत ज्यादा मौतें होती हैं। हमारा दिल हमें हर दिन, हर घंटे, हर मिनट और हर सेकेंड हमारा ख्याल रखता है। दिल के धड़कने से ही हमारे जिंदा होने का वजूद है। जब दिल हमारा इतना ही ख्याल रखता है तो हमें भी तो अपने दिल का ख्याल रखना चाहिए। आज हम यहां बात करेंगे कुछ आसान तरीकों के बारे में, जिन्हें हम अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें तो दिल को स्वस्थ बनाए रख सकते हैं।
मोटापा या ज्यादा वजन का मतलब है- बीमारियों को बुलावा। अगर आपका वजन बीएमआई यानी बॉडी मास इंडेक्स के मुताबिक ज्यादा है, तो आज ही से इसे कम करना शुरू करें। ये तय है कि एक दिन में आपका वजन कम नहीं होगा, लेकिन जितनी जल्दी शुरुआत करेंगे, उतना अच्छा रहेगा। नियमित रूप से ऐसा करने से कुछ हफ्तों में ही बड़ा बदलावा दिखेगा।
वजन कम करने के चक्कर में खाना छोड़ देना भी गलत है, क्योंकि ऐसा करना इसका समाधान नहीं है। थोड़ा नियंत्रण रख सकते हैं। दिल की सेहत के लिए आपके पूरे शरीर का भी स्वस्थ रहना जरूरी है। आप अपने खाने में पौष्टिक आहार शामिल करें। तला-भुना खाना कम करें और फल, सब्जियां, मेवे, सूखे बीज और दूध को अपने आहार में शामिल करें।
अगर आप जॉब करते हैं और आपको काफी देर तक ऑफिस में बैठकर काम करना पड़ता है, तो ऐसे में आपको एक बात का ध्यान रखना है। आप काफी देर तक कुर्सी पर बैठे न रहें। कुछ घंटे के अंतराल में अपनी डेस्क से उठें और ऑफिस के अंदर ही थोड़ा चल लें या टहल लें। किसी काम के बहाने ही सही। एक बात और कि आप लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करें तो बेहतर है।
दिल की सेहत के लिए आपका व्यस्त और मस्त रहना जरूरी है, तनावमुक्त रहना जरूरी है। आप घर पर बच्चों के साथ खेलें। पशु-पक्षियों से प्रेम हैं तो उसे पालें। प्रकृति का आनंद लें, रात में छत पर घूमें, आसमान को निहारें। समय-समय पर छुट्टियों पर जाएं। बागवानी करें। इन तरीकों से आप तनाव से दूर रहेंगे। छोटी-छोटी बातों पर ज्यादा ध्यान ना दें और अपनों से बकझक हो तो दिल पर न लें।
दिन में आपकी गतिविधियों के अनुसार गति बनाए रखने में आपका दिल ज्यादा काम करता है। इसलिए इसे आराम देना भी जरूरी है। आपको रोजाना छह से आठ घंटे की नींद लेनी चाहिए। इससे आपके मन को और आपके शरीर को शांति मिलती है। इसके साथ ही योग और आसन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
इन चीजों से बचेंगे तो बेहतर है:
बाहर का खाना कम खाएं।
डीप फ्राइड फूड ना खाएं।
मक्खन और चीज़ से बचें।
शुगर बढ़ाने वाली चीजों से यथासंभव परहेज करें।
शराब और धूम्रपान से दूर रहें।
डायबिटीज, हाइपरटेंशन और कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को अपनी दवा नहीं भूलनी चाहिए।
