बिहार चुनाव: भाजपा सीईसी की बैठक, ज्यादातर नाम तय, घोषणा आज

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की पहली बैठक में अपने कोटे की 121 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में इनमें से 90 फीसदी सीटों पर उम्मीदवार के नाम तय कर लिए गए हैं। पार्टी आज उम्मीदवारों की पहली सूची, जदयू के साथ गठबंधन और लोजपा पर अपना रुख साफ करेगी।

पार्टी मुख्यालय में करीब तीन घंटे चली बैठक में पार्टी ने करीब सौ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। उन्हीं सीटों पर नाम तय नहीं हुए हैं जिन पर जदयू से बातचीत जारी है। जिन सीटों पर जदयू से बातचीत होनी है उससे जुड़ी सीटें तीसरे चरण की हैं। पार्टी आज पहले दो चरण के साथ तीसरे चरण के भी कुछ सीटों की घोषणा करेगी।
सीट बंटवारे की भी घोषणा
पार्टी आज जदयू के साथ हुए चुनाव पूर्व गठबंधन और दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या पर हुए समझौते की भी घोषणा करेगी। शनिवार को देर रात चली बैठक में भाजपा के 121 और जदयू के 122 सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमति बनी। इस बैठक में यह तय हुआ कि जदयू अपने कोटे से हम तो भाजपा लोजपा की जिम्मेदारी लेगी। इस कड़ी में हम ने रविवार को सात उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। जबकि लोजपा ने नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया।

लोजपा पर भी रुख साफ करेगी भाजपा
भाजपा आज लोजपा पर भी अपना रुख साफ करेगी। लोजपा ने संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारने और भाजपा के साथ सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया है। लोजपा की इस रणनीति से जदयू बेहद खफा है। पार्टी चाहती है कि भाजपा लोजपा को राजग से बाहर करे। जबकि भाजपा ने पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *