मुंबई: कोर्ट ने कंगना रनौत के खिलाफ FIR करने के दिए आदेश, नफरत फैलाने का है आरोप

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, बांद्रा कोर्ट ने कंगना रनौत के खिलाफ एक मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं. बांद्रा कोर्ट में मुन्ना वराली और कास्टिंग डायरेक्टर साहिल अशरफ सैयद ने याचिका दायर की है, जिसमें कहा गया है कि कंगना रनौत लगातार बॉलीवुड को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं. सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म से लेकर टीवी तक, हर जगह वह बॉलीवुड के खिलाफ बोल रही हैं. वह लगातार बॉलीवुड को नेपोटिज्म और फेवरेटिज्म का अड्डा बता रही हैं.

कोर्ट में दायर की गई याचिका में कंगना पर आरोप लगाया गया है कि कंगना ने बॉलीवुड के हिंदू और मुस्लिम कलाकारों के बीच खाई पैदा की है. वह लगातार आपत्तिजनक ट्वीट कर रही हैं जिससे न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुई बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में कई लोग इससे आहत हैं

असल में, इस सिलसिले में बांद्रा पुलिस स्टेशन ने कंगना के खिलाफ संज्ञान लेने से मना कर दिया. जिसके बाद याचिकाकर्ता ने मामले में जांच के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और अब बांद्रा कोर्ट ने कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं.

मामले में शिकायतकर्ता कास्टिंग डायरेक्टर साहिल सैय्यद का कहना है कि कंगना की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर हिंदू और मुस्लिम को लेकर भारी सांप्रदायिक नफरत देखने को मिली. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीने काम करना बहुत मुश्किल भरा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *