नई दिल्ली: देश के कई इलाकों में हो रही बेमौसम बारिश के चलते आने वाले दिनों में प्याज आम जनता को जेब पर असर डाल सकता है. ऐसा माना जा रहा है कि अगर प्याज के भाव इसी तेजी से बढ़ते रहे तो इस साल दिवाली पर प्याज (Onion Price) काफी महंगा हो सकता है. इस वक्त ही खुदरा बाजार मे प्याज 40-50 रुपए किलो है. सोमवार को नासिक में स्थित देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में प्याज का बाजार भाव 6802 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. ये दाम इस साल में सबसे ज्यादा है. कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में रिटेल मार्केट में प्याज के दाम 100 रुपये के पार पहुंच सकते हैं.आखिर क्यों महंगा हो रहा है प्याज? देश के सबसे बड़ी प्याज की मंडी महाराष्ट्र के लासलगांव में सोमवार को अच्छी प्याज का बाजार भाव 6 हजार 802 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. अंग्रेजी के अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कई इलाको में भारी बारिश हो रही है. इसके चलते खेतों में प्याज की फसल बर्बाद हो गई है, जिसकी वजह से प्याज के भाव आसमान पर पहुंच रहे हैं. प्याज के दाम फरवरी तक कम नहीं होंगे? कारोबारियों का कहना है कि महाराष्ट्र , राजस्थान, गुजरात और कर्नाटक में फसल को भारी नुकसान हुआ है. इसीलिए व्यापारियों ने भी जमाखोरी शुरू कर दी है. नयी फसल फरवरी में आएगी, तब तक प्याज की कीमत कम होने के कोई संकेत नहीं है. प्याज की कीमत बढ़ने की एक वजह होटल और ढाबे शुरू होना भी है. इस वजह से भी प्याज की डिमांड बढ़ी है, जिसकी वजह से प्याज महंगा हो रहा है.
2000 रुपए प्रति क्विंटल महंगा हुआ प्याज
बता दें 14 अक्टूबर को प्याज व्यापारियों के यहां इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई हुई थी. इसके बाद मंडी में व्यापारी नहीं आ रहे थे. यानी मंडी में कारोबार बंद हो गया था, लेकिन सोमवार को जैसे ही मंडी खुली, प्याज के दाम में 2000 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गए.
दिवाली तक 100 रुपये/किलोग्राम तक पहुंच सकते हैं प्याज के दाम
