शहर में चोरों के हौसले बुलंद…मकान का ताला तोड़कर लाखों किए पार… 4 नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर : राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद हैं. उरला थाना क्षेत्र के बिरगांव में शातिर चोरों ने एक मकान में लगे ताले का स्क्रू खोलकर लाखों की चोरी कर ली. सुबह जब काम पर जा रही बाई ने देखा तो कॉल कर सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने जांच कर 4 नाबालिगों को पकड़ा है. पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के गहने सहित अन्य सामान बरामद हो गया. मामला उरला थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, कैलाश नगर, बिरगांव निवासी गौतम घोष रायपुर में ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं. वह परिवार के साथ 19 अक्टूबर से कोलकाता गए हुए हैं. यहां मकान की देखरेख उनकी कंपनी का मैनेजर भनपुरी निवासी भूपेंद्र प्रताप सिंह कर रहा था. भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि 20 अक्टूबर की रात जब वह पहुंचा तो मकान में ताला लगा हुआ था.

अगले दिन सुबह 11 बजे काम करने वाली बाई ने कॉल किया और बताया कि घर के बाहर दरवाजे पर लगा ताला टूटा है. वहां पहुंचा तो ताले का स्क्रू खुला था और अलमारी का लॉक भी टूटा था. अलमारी खुली थी. इस पर गौतम घोष से बात की गई तो उन्होंने बताया उसमें सोने का हार, चांदी की पायल, कंगन, कान की बाली, चेन और रुपए रखे थे.

पुलिस ने जांच की तो सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग दिखाई दिया. पुलिस ने उसे पकड़ा तो बताया कि 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की है. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया. उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए गहने, रुपए और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *