70 वर्षीय वृद्ध महिला की बलात्कार के बाद हत्या, दरिंदों में मुंह में भर दी थी मिट्टी

भोपाल: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर निर्ममता से उसकी हत्या कर दी गई. वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब बुजुर्ग महिला अपने खेत में सिंचाई कार्य की देखभाल करने पहुंची थी. दरिंदों ने महिला के मुंह में मिट्टी भर दी और उसके निजी अंग पर लाठी डंडों से वार किए.

यह सनसनीखेज वारदात विदिशा जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है. जहां 18 और 19 नवंबर की दरम्यानी रात ओलीजा गांव के बाहरी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने 70 साल की वृद्ध महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसका क़त्ल कर दिया. महिला बुवाई के मौसम के पहले से खेत में चल रही सिंचाई की निगरानी करने के लिए वहां गई थी. पुलिस के मुताबिक, अज्ञात आरोपियों ने पीड़िता के मुंह में मिट्टी भर दी और उसके प्राइवेट पार्ट्स पर लाठी-डंडों से हमला किया. गुरुवार की सुबह गांव के बाहरी इलाके में खेतों के पास झाड़ियों में महिला का नग्न कटा हुआ शव देख गांववालों ने 100 डायल पर पुलिस को मामले की जानकारी दी थी.

ग्यारसपुर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी महेंद्र शाक्य ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिवार वाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उसकी शिनाख्त की. जिले के आला पुलिस अधिकारी विदिशा जिला हेडक्वार्टर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. मौका-ए-वारदात पर छानबीन करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है और अभी तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं हो पाई है .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *