छत्तीसगढ़ में मिले 1842 नए कोरोना मरीज, वायरस से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना विस्फोट लगातार जारी है। प्रदेश में कोरोना वायरस की रफ्तार बेलगाम होते जा रही है। वायरस का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। प्रदेश में कोरोना वायरस पर लगाम लगाना शासन-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में 1842 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है, जबकि 13 लोगों की इलाज के दौरान मौत भी हुई है। राहत की बात यह है कि इस बीमारी से 1 हजार 285 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं।

राज्य में अभी एक्टिव मरीजों की संख्या 19 हजार 817 है। अब तक 1 लाख 96 हजार 896 मरीज ठीक होने के बाद घर को लौट चुके हैं। राज्य में शुक्रवार को 27 हजार 624 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है।

लक्षण होने पर तत्काल टेस्ट कराएं: डॉ मीरा बघेल

इधर राजधानी रायपुर की सीएमएचओ डॉ मीरा बघेल का कहना है कि जिले में कोरोना से हुई कुल मौत का ऑडिट कराया जा रहा है। अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसमें लक्षण के बाद भी टेस्ट में देरी की गई। ऐसे मामले शहरी क्षेत्र में ज्यादा दिखे, जहां दुकानों से दवा लेकर प्रयोग किया जाता रहा। किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें, तत्काल टेस्ट कराएं, उससे ही गंभीर स्थिति में जाने से बच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *