देश में कोरोना वायरस ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. दिल्ली समेत कई राज्यों में इसके रोजाना सामने आने वाले मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. साथ-साथ मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है. कई विशेषज्ञों ने यह चेताया भी है कि ठंड में इसकी रफ्तार और बढ़ सकती है. इस बीच देश के कई राज्यों में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लगा दी गई है
राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित आठ जिला मुख्यालयों में रात का कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है. इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है. वहीं राजधानी जयपुर में धारा 144 (Section 144) लगाई गई है.
संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित राजस्थान के आठ जिला मुख्यालयों (जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, अलवर व भीलवाड़ा) के नगरीय क्षेत्र में बाजार, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल व अन्य वाणिज्यिक संस्थान शाम सात बजे तक ही खुले रहेंगे. इन आठ जिला मुख्यालयों के नगरीय क्षेत्र में रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू (Night Curfew) रहेगा. वहीं मास्क नहीं पहनने पर लगाया जाने वाला जुर्माना 200 रुपये से बढ़ाकर अब 500 रूपये कर दिया गया है. हालांकि इस दौरान विवाह समारोह में जाने वाले, दवाइयों सहित अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित लोगों तथा बस, ट्रेन व हवाई जहाज में सफर करने वालों को आवागमन की छूट होगी.
उधर, मध्य प्रदेश के इंदौर, गुजरात के सूरत और राजकोट में शनिवार की (21 नवंबर) रात से नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगा दी गई है. इंदौर में लोग रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकते हैं. साथ ही गुजरात के दोनों शहरों में इसकी समय सीमा रात 9 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रखी गई है. हालांकि नाइट कर्फ्यू के दौरान फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों और आवश्यक सेवा में शामिल लोगों को छूट दी गई है.
वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है. दिल्ली में हालांकि अभी तक ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है लेकिन सरकार की तरफ से संकेत दिये गए हैं कि जल्द ही कुछ कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे. हालांकि यह लॉकडाउन नहीं होगा. केजरीवाल सरकार ने शादी में गेस्ट की संख्या को भी घटाकर 200 से 50 कर दिया है. वहीं, गौतमबुद्ध नगर में भी इस संख्या में कमी लाई गई है. दिल्ली में भी मास्क नहीं पहनने पर जुर्माने की राशि को 500 से बढ़ाकर 2000 रुपये तक कर दिया गया है. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या हम फिर लॉकडाउन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
