लिव-इन में रहने वाली गर्भवती महिला की हत्या, मर्डर के बाद उसके ही पिता के खेत में दफना दिया था शव

सूरत जिले के बाबेन शहर में लिव-इन में रहने वाली महिला तीन दिन पहले लापता हो गई थी। महिला के पार्टनर ने ही उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि वह तीन साल के बेटे को छोड़कर अचानक कहीं चली गई है। लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने वाले पार्टनर ने ही उसकी हत्या कर लाश खेत में दफना दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोमवार सुबह शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

महिला के पिता के खेत में ही दफनाया शव
मृतका की पहचान रश्मि के रूप में हुई है। आरोपी चिराग पटेल का झूठ सामने आने के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि रश्मि के किसी और युवक से भी संबंध थे। इसी के चलते उसका रश्मि से विवाद हो रहा था। शुक्रवार दोपहर को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने रश्मि की गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद कार से रश्मि का शव लेकर पास ही के गांव वालोड में रहने वाले उसके पिता के खेत पर पहुंचा और अंधेरा होते ही शव को खेत में दफना दिया था।

गर्भवती थी रश्मि
चिराग और रश्मि करीब पांच साल से लिव-इन में रह रहे थे। इनका तीन साल का बेटा था और अभी रश्मि को पांच महीने का गर्भ था। इस बारे में रश्मि के पिता जयंती भाई ने बताया कि बेटी के घर से चले जाने के बाद परिवार ने उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *