रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन अभियान का किया शुभारंभ

स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं दवा सेवन कर अभियान की शुरूआत की, सरगुजा और सूरजपुर जिले में 23 नवम्बर से 30 नवम्बर तक चलेगा अभियान

 

रायपुर. 23 नवम्बर 2020

स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज प्रदेश में सामूहिक दवा सेवन अभियान (MDA – Mass Drug Administration) का ऑनलाइन शुभारंभ किया। उन्होंने फाइलेरिया रोधी दवा का स्वयं सेवन कर अभियान की शुरूआत की। अभियान के तहत 23 नवम्बर से 30 नवम्बर तक सरगुजा जिले के सभी विकासखंडों तथा सूरजपुर जिले के प्रेमनगर, रामानुजनगर और सूरजपुर विकासखंड में दो वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा खिलाई जाएगी। इस दौरान एक वर्ष से 19 वर्ष की आयु के बच्चों व किशोरों को कृमिनाशक दवा एलबेंडाजोल का भी सेवन कराया जाएगा।

 

स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सभी नागरिकों को निर्धारित मात्रा में इसकी दवा का सेवन करना चाहिए। ये दवाएं पूर्णतः सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ने के साथ ही हम अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर भी पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। देश से वर्ष 2021 तक फाइलेरिया को खत्म करने की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए कोविड-19 महामारी के दौरान भी लोक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरगुजा से आज सामूहिक दवा सेवन अभियान की शुरुआत की जा रही है।

 

श्री सिंहदेव ने बताया कि अभियान के तहत 23 नवम्बर को शासकीय अस्पतालों और स्वास्थ्य

केंद्रों में फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा। उसके बाद 24 नवम्बर से 26 नवम्बर तक मितानिनें और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। अभियान के आखिरी चरण में 27 नवम्बर से 30 नवम्बर तक दवा खाने से छूट गए लोगों के लिए मॉप-अप राउंड संचालित किया जाएगा। अभियान के ऑनलाइन शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अपर निदेशक डॉ. नुपूर राय, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री शफी अहमद, विधायक डॉ. प्रीतम राम, अंबिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की, राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार, ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज के प्रतिनिधि श्री अनुज घोष भी वीडियो कॉन्फ्रेंस से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *