खूबसूरत जिंदगी के संजोए हजारों सपने लिए हुए एक युवती सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने शहर से देश की राजधानी दिल्ली- एनसीआर में आई थी. 22 साल की उम्र में यह युवती कॅरियर, पढ़ाई और प्यार में सबकुछ बहुत जल्द हासिल करना चाहती थी. वह कॉलेज में पढ़ाई करती और पढ़ाई का खर्चा पूरा करने के लिए एक प्राइवेट कंपनी में जॉब भी करती थी. राजस्थान के झुंझनू जिले से आई गुरुग्राम के एक कॉलेज में पढ़ रही एक छात्रा के साथ. 10 माह पहले वह अपने एक दोस्त के जरिए एक अजनबी युवक से मिली थी. उसे इस अजबनी से पहली मुलाकात में प्यार हो गया, लेकिन लिव-इन से लेकर इस रिश्ते की बर्बादी की दास्तां कुछ ऐसी है….जो अक्सर कई बार सामने आती रहती हैं. यह प्रेम कहानी का दुखद अंजाम हाल ही में ग्रुरुग्राम में कुछ दिन पहले सामने आई है.
जब उम्र जिंदगी के खिलते हुए फूल से मुकाम से गुजरने लगे तो प्यार की चाह परवान चढ़ते हुए देर नहीं लगती है और मुमकिन है कि किसी से प्यार हो जाए. आंखों में भविष्य के लिए खूबसूरत ख्वाब सजें हों और जिंदगी में किसी हमसफर की चाह भी दिल में पल रही हो तो अचानक किसी अजनबी से प्यार हो ही जाएगा. ऐसा ही कुछ हुआ जब कॉलेज में पढ़नेवाली और प्राइवेट कंपनी में जॉब कर रही यह युवती गुरुग्राम के पलासोली गांव के 23 साल के युवक से अपने एक दोस्त के जरिए मिली. पहली ही मुलाकात में दोनों के बीच दोस्ती हुई और दोनों रिलेशनशिप में आ गए. दोनों ने सेक्टर-40 पुलिस स्टेशन क्षेत्र में लिव-इन में रहना शुरू कर दिया
रिलेशनशिप में आते ही जब लिव-इन में रहना शुरू किया तो फिर शारीरिक दूरियां भला कैसे रह सकती थीं. इस उम्र में भला ऐसे रिश्तों में कहां होश रहता है, जब प्यार बहाने शरीर की भाषा ही रिश्तों को गढ़ रही हो. कई महीने लिव-इन में रहते हुए युवती अपने गांव पहुंची. यहां उसे अपनी तबीयत ठीक नहीं लगी तो वह डॉक्टर के पास पहुंची तो उसने बताया कि वह प्रेग्नेंट हो चुकी है.
आखिर वहीं हुआ, जो आजकल ऐसे रिश्तों का अंजाम होता है. युवती ने गुरुग्राम के अपने प्रेमी अमन शाह को जब बताया कि वह प्रेग्नेंट है तो उसने प्यार की कश्में और जिंदगी भर साथ रहने के वादों को एक ही झटके में तोड़ते हुए सारे रिश्तों को मुंह फेर लिया. प्रेमिका ने कई बार प्रेमी समझाने की कोशिश की लेकिन सब बेकार गया.
रिश्तों में सब कुछ बिखर जाने से युवती तनाव में रहने लगी. हर दिन गहरे डिप्रेशन की स्थिति में उसने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया. युवती ने गुरुग्राम के सेक्टर-40 पुलिस स्टेशन में अपने प्रेमी अमन शाह के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक रिश्ते बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत कर दी.
