50 रुपये के लिए राखी सावंत ने परोसा था अंबानी की शादी में खाना, ड्रामा क्वीन के संघर्ष की ये है कहानी

बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन राखी सावंत (Happy Birthday Rakhi Sawant) हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। हर बात में अपना अलग नजरिया रखने वाली राखी फिलहाल बॉलीवुड से दूर हैं। आज राखी का जन्मदिन है। वह अपना 42वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। राखी सावंत का असली नाम नीरू भेदा है। इंडस्ट्री में आने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर राखी सावंत कर लिया।

फिल्म ‘अग्निचक्र’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली राखी ने बॉलीवुड में कई हिट आइटम सॉग्स दिए हैं लेकिन इस मुकाम को हासिल करने के लिए राखी को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि इसी राखी ने अपना बचपन बहुत परेशानियों और डर में गुजारा है। मात्र 10 साल की उम्र में उन्होंने टीना अंबानी की शादी में लोगों को खाना सर्व किया था और आज वहीं राखी सावंत मुंबई के पॉश इलाके में आलीशान बंगले में रहती हैं।

मात्र 11 साल की उम्र में डांडिया नाचने की जिद करने पर राखी की मां और मामा ने मिलकर राखी के लंबे बाल काट दिए थे। बालों को कुछ ऐसे काटा गया था कि उन्हें देखने पर लग रहा था कि बालों को जला दिया गया है। ये सभी बातें राखी ने एक इंटरव्यू के दौरान कही थी। एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वालीं राखी आज जिस भी जगह खड़ी हैं वो अपने दम पर खड़ी हैं।

एक इंटरव्यू में राखी ने बताया था कि उनका परिवार बेहद गरीब था। उनकी मां एक अस्पताल में आया का काम करती थीं और पिता मुंबई पुलिस में कॉन्सटेबल थे। बहुत मुश्किल से उनके परिवार के गुजारा होता था। कभी-कभी तो ऐसा होता था कि उनके पास खाने के लिए खाना तक नहीं होता था। पड़ोसी उन्हें बचा हुआ खाना दिया करते थे।

राखी ने बताया था कि फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए वो घर से पैसे चुराकर भाग गईं थीं, क्योंकि उनके माता-पिता उनकी शादी करना चाहते थे। उन्हें एक्टिंग के बारे में कुछ नहीं पता था। राखी ने बताया था- मैं जब मुंबई पहुंचीं तो मैंने कई निर्माताओं के सामने नाचना और अपनी प्रतिभा दिखाना शुरू किया, जिन्होंने मुझे बुरी नजर से भी देखा।

राखी ने कहा था, ‘मैंने सोच लिया था कि ऐसे लोगों के सामने डांस करने से अच्छा है मैं डांस बार में डांस करूंगी। मैंने कई बार ठुकराए जाने का सामना किया और लुक व रंग-रूप सुधारने के लिए सर्जरी का सहारा लिया। जब सर्जरी रूम में मैं नीरु भेदा के रूप में गई थी, लेकिन वहां अपने बेहतर रंग-रूप के साथ राखी सावंत के रूप में निकली।’

इसके बाद राखी को कुछ फिल्मों जैसे ‘जोरू का गुलाम’, ‘ जिस देस में गंगा रहता है’, ‘ये रास्ते  में छोटे मोटे रोल्स ऑफर किए गए लेकिन उन्हें पहचान साल 2005 में ‘परदेसिया’ गाने से मिली। इस गाने ने राखी को आइटम गर्ल के नाम से मशहूर कर दिया।

राखी सावंत रियलिटी शो की दुनिया में ‘राखी का स्वयंवर’ नाम का रियलिटी शो भी लॉन्च कर चुकी हैं। 2009 में लॉन्च हुए इस शो में राखी ने टोरंटो के एक प्रतिभागी से राखी ने शादी भी रचाई थी और कुछ महीने बाद अलग होने का भी एलान कर दिया था। राखी बॉलीवुड को कई हिट सॉन्ग दे चुकी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *