कोविड अस्पताल के ICU में लगी आग, पांच कोरोना मरीजों की मौत

गुजरात के राजकोट जिले के एक कोविड अस्पताल में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसकर पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई. हादसे में घायल एक और कोरोना मरीज की हालत गंभीर बतायी जा रही है. अबतक आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन अस्पताल के मुताबिक मशीनरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है

गुजरात शहर के आनंद बंगला चौराहे के पास जिस उदय शिवानंद कोविड अस्पताल के आईसीयू वार्ड में गुरुवार रात एक से दो बजे के बीच आग लगी, उस हॉस्पिटल में 33 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था. बचाए गए मरीजों को दूसरे कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.

इस हादसे में मृतक मरीजों के नाम रामसिंहभाई, नितिनभाई बदानी, सिकलाल अग्रावत, संजय राठौर और केशुभाई अकबरी हैं. बता दें कि उदय शिवानंद अस्पताल को सितंबर में ही कोविड सेंटर के रूप में मंजूरी दी गई थी.  गुजरात के किसी अस्पताल में अगस्त से अब तक आगजनी की यह चौथी घटना है.

जिले के कमिश्नर मनोज अग्रवाल ने बताया कि हादसे की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी लगातार हमारे संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी.

हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि गुरुवार की देर रात दूसरी मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में अचानक धुंए का गुबार उठने लगा  तो डॉक्टरों समेत सभी मेडिकल कर्मियों में भगदड़ मच गई. खिड़कियों के शीशे तोड़कर मरीजों को बचाया गया.

घटना पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को मुश्किल घड़ी में संयम बरतने की बात कही है. बता दें कि इससे पहले भी गुजरात में तीन कोविड अस्पतालों में आग लग गई थी जिसमें कई कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *