मुंबई: अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अब अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू करने वाली हैं. उर्मिला अब कांग्रेस का साथ छोड़कर शिवसेना में शामिल होंगी.बताया जा रहा है कि वे मंगलवार को पार्टी ज्वाइन कर सकती हैं. उन्होंने 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था और बाद में पार्टी छोड़ दी थी. पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी. माना जा रहा है कि शिव सेना एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर को विधानसभा भेज सकती है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी हर्षल प्रधान ने रविवार को कहा कि मांतोंडकर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल होंगी. शिवसेना ने राज्यपाल बी एस कोश्यारी के पास मांतोंडकर का नाम विधान परिषद में राज्यपाल कोटा से नामित करने के लिए भेजा है. इसके अलावा इस कोटे के लिए महा विकास अघाडी ने 11 और नाम भेजे हैं. हालांकि राज्यपाल ने अभी इन 12 नामों को मंजूरी नहीं दी है
मांतोंडकर 2019 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तरी सीट से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ी थीं. हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. बाद में उन्होंने कांग्रेस की मुंबई इकाई के कामकाज के तरीकों को लेकर पार्टी छोड़ दी. हाल में उन्होंने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से करने के लिए कंगना रनौत की आलोचना की थी.
