Bharat Bandh: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के बीच आज शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारतीय किसान यूनियन के नेताओं से मुलाकात करेंगे. ये जानकारी भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दी. उन्होंने कहा कि वे आज शाम 7 बजे गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे. .
राकेश टिकैत ने कहा, “हमारी आज शाम 7 बजे गृह मंत्री के साथ बैठक है. हम अभी सिंघू बॉर्डर जा रहे हैं और वहां से हम गृह मंत्री के पास जाएंगे
बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमा पर पिछले 13 दिनों से प्रदर्शन कर रहे किसानों के ‘भारत बंद’ के बीच सिंघु बॉर्डर पर किसान संगठनों की एक अहम बैठक होने वाली है. सिंघु बॉर्डर पर होने वाली इस बैठक में शामिल होने के लिए गाजीपुर बॉर्डर से भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत रवाना हो गए हैं.
राकेश टिकैत ने बताया, सिंघु बॉर्डर पर किसानों की बैठक है, वहीं गृह मंत्री अमित शाह भी आज एक बैठक लेंगे जिसके लिए हम आपस में मीटिंग कर विचार विमर्श करेंगे. दरअसल, आज देश के अधिकतर राज्यों में बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला है. दिल्ली-यूपी के गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. इस दौरान किसानों ने दिल्ली से गाजियाबाद की तरफ आने वाला रास्ता राष्ट्रीय राजनमार्ग 24 को भी पूरा बंद कर दिया है.
