बिहार के मुजफ्फरपुर में इमरान हाशमी (Imran Hashmi) और सनी लियोनी (Sunny Leone) का बेटा पढ़ रहा है! ये खबर सुनकर आपको भी हैरानी हुई होगी! इस खबर ने तहलका मचा रखा है. जो भी सुन रहा है वही हैरान है. अब आप भी सोच रहे होंगे कि आखिरकार इन दोनों की शादी कब हुई? यदि शादी नहीं हुई तो फिर बेटा कहां से आया? और वह भी मुजफ्फरपुर में
दरअसल बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में स्थित बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातक के एक छात्र ने फॉर्म में अपने माता-पिता के तौर पर फिल्म अभिनेता इमरान हाशमी (Imran Hashmi) और अभिनेत्री सनी लियोनी (Sunny Leone) का नाम भरा है.
बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले मीनापुर स्थित धनराज महतो कॉलेज के छात्र कुंदन कुमार ने अपने फॉर्म में मां का सनी लियोनी, पिता का नाम इमरान हाशमी और पता मुजफ्फरपुर शहर स्थित चतुर्भुज स्थान का भरा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए उक्त फार्म के बारे में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राम कृष्ण ठाकुर का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और यह छात्र की शरारत मालूम होती है. उन्होंने कहा कि संबंधित कॉलेज से इस बारे में पता कराया जा रहा है और इसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच सही पाए जाने पर छात्र पर कार्रवाई भी की जा सकती है.
