सुशांत सिंह राजपूत को याद कर मंच पर रो पड़ीं अंकिता लोखंडे, बोली, ‘पवित्र नहीं, अमर रिश्ता है हमारा’

जी टीवी पूरे लॉकडाउन के दौरान अपने दर्शकों के बीच खुशियां फैलाने की कोशिश करता रहा है। जुलाई में धारावाहिकों की शूटिंग फिर से शुरू होते ही चैनल ने कुछ ताजातरीन शोज भी पेश किए। अब साल का वह समय आ गया है, जब इन धारावाहिकों को बनाने वालों और इनमें काम करने वालों को सलाम करने का जश्न होता है।

खुशियों का ताला खोलने की इस कोशिश के तहत अब बारी है साल के सबसे बड़े कार्यक्रम यानी जी रिश्ते अवार्ड्स 2020 की, जिसका प्रसारण साल के आखिरी शनिवार को होने जा रहा है। कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान सबकी निगाहें अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के नृत्य पर ही टिकीं रहीं। उम्मीद की जा रही है कि दर्शक भी उनकी ये प्रस्तुति टकटकी लगाकर देखेंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को एक ही छत के नीचे अपने फेवरेट सितारों को देखने का मौका मिलेगा। इस दौरान अलग-अलग श्रेणियों में टीवी सितारों को प्रतिष्ठित जी रिश्ते अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सभी लोकप्रिय टीवी सितारे अपनी जोरदार प्रस्तुतियां भी देंगे। धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ की अभिनेत्री अंकिता लोखंडे इस दौरान अपने को-स्टार रहे दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत को एक दिल छू लेने वाली श्रद्धांजलि देती दिखेंगी।

शूटिंग के दौरान अंकिता अपने मशहूर धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ की किरदार अर्चना बनकर मंच पर आईं और इसके टाइटल ट्रैक ‘साथिया तूने क्या किया’ पर झूम उठीं। उन्होंने जी रिश्ते अवॉर्ड्स 2020 में सुशांत सिंह राजपूत के गानों के एक अद्भुत संकलन पर भी अपनी प्रस्तुति दी।

इस दौरान अंकिता फिल्म ‘एम एस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ के गाने ‘कौन तुझे..’ और ‘जब तक..’, फिल्म ‘राब्ता’ के गाने ‘मैं तेरा ब्वॉयफ्रेंड’, फिल्म ‘केदारनाथ’ के गानों ‘स्वीटहार्ट’ और ‘नमो नमो’ के अलावा ‘काय पो चे’ और ‘दिल बेचारा’ के भी कुछ गानों पर नाचती दिखीं। इसी दौरान लोग भावुक हुए तो अंकिता की आंखों से भी आंसू छलक पड़े। सुशांत सिंह राजपूत के बारे में बात करते हुए अंकिता लोखंडे ने कहा, “पवित्र नहीं, अमर रिश्ता है हमारा। हम सभी तुम्हें बहुत मिस करते हैं सुशांत।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *