जिले में लगभग 12,000 प्राइवेट और सरकारी हेल्थ वर्कर को लगेगी कोरोना वैक्सीन

स्वास्थ्य कर्मियों की सूची की पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग का काम जारी
दुर्ग, 18 दिसंबर 2020। कोरोना का टीका सबसे पहले कोरोना वॉरियर्स (स्वास्थ्य कर्मचारियों) को लगेगा। जिले में प्राइवेट और सरकारी समेत करीब 12,000 स्वास्थ्य कर्मी हैं। इसमें जिले के उपस्वास्थ्य केंद्रों से लेकर प्राथमिक, सामुदायिक, जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, आयुर्वेदिक अस्पतालों के स्वास्थ्य विभाग के कर्मी के साथ ही निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल हैं। जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों के डेटा फीडिंग का काम तेजी से जारी है। प्रदेश में सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को ही कोरोना की वैक्सीन लगेगी।
जिला टिकाकरण अधिकारी डॉ. सुदामा चंद्राकर ने बताया, “निजी और सरकारी अस्पतालों के स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की जानकारी एकत्र कर ली गई है। सबसे पहले इन्हीं को टीका लगाया जाएगा। फिलहाल, इनके फोन नंबर सत्यापित करने का काम चल रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर इन मोबाइल नंबरों पर बात करके पता किया जा रहा है। “जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग ऐसी तैयारी कर रहा है कि कोरोना की वैक्सीन आने के बाद टीकाकरण में कोई परेशानी न आए। इसके लिए पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए जैसे बूथ बनाए जाते थे,लगभग वैसे ही व्यवस्था कर बूथ बनाकर लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर टीका लगवाने के लिए बुलाया जाएगा। जिले में डीप फ्रिजर व आईस लाइंड रेफ्रीजरेटर की संख्या 100 है। इसमें 4 लाख से अधिक वैक्सीन स्टोर की जा सकती है। भिलाई में खुर्सीपार के उप स्वास्थ्य केंद्र, भिलाई-3 अस्पताल, छावनी के उप स्वास्थ्य केंद्र, रिसाली, उप स्वास्थ्य केंद्र, बैकुंठधाम उप स्वास्थ्य केंद्र समेत कुल 8 स्थान में 140 लीटर क्षमता का आईस लाइंड रेफ्रीजरेटर रखा हुआ है। इस एक-एक रेफ्रीजरेटर में 30 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन रखी जा सकती है। टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजा गया एसएमएस या सूचना ही सही मानी जाएगी। साथ ही, जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया,“प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों की सूची तैयार करने के आदेश मिले थे। इसके लिए राज्य, जिलावब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों को ऑनलाइन ट्रेनिंग भी दी गयी है। केंद्रीय और राज्य स्वास्थ्य विभाग के आदेश के बाद जिले में कोरोना के वैक्सीन को सुरक्षित रखने के इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं।सरकारी, निजी, मेडिकल कॉलेज और डेंटल के स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी एकत्र कर ली गयी है। टिकाकरण केंद्रों में कोल्ड चेन भी मेंटेन है, जैसे ही वैक्सीन आएगी, टीकाकरण शुरू कर देंगे। टिकाकरण पाइंट में डीप फ्रीजर और आईस लाइंड रेफ्रीजरेटर (आईएलआर फ्रीजर) से वैक्सीन का टेम्प्रेचर मेनटेन करने की व्यवस्था का जायजा भी ले लिया गया है। सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, भिलाई में खुर्सीपार उप स्वास्थ्य केंद्र, भिलाई-3 अस्पताल,उप स्वास्थ्य केंद्र छावनी, रिसाली सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों मं भी वैक्सीन स्टोर कर रखा जाना है। आईस लाइंड रेफ्रीजरेटर में वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री सेंटी ग्रेट तापमान पर स्टोर किया जा सकता है।“
डॉ. सिंह ने बताया, “वैक्सीन का टिकाकरण सफलता पूर्वक संचालित करने के लिए अंतर विभागीय समन्वय समिति भी कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित की गई है। वैक्सीन लगाने के बाद किसी तरह साइड इफेक्ट होने की सूचना मिलने पर स्पेशल टीम द्वारा आपात चिकित्सा उपलब्ध कराने एम्बुलेंस के साथ 24 घंटे अलर्ट पर रहेंगे।“

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *