प्रदेश में पहली बार स्वास्थ्य विभाग में तंबाकू का नशा करने वालों को नहीं मिलेगी नौकरी

सरगुजा जिले में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर कई पदों पर भर्ती हो रही है, लेकिन इस बार तंबाकू का नशा करने वालों को नौकरी नहीं मिलेगी। यह बात थोड़ी अजीब लग रही है, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न पदों के लिए निर्धारित की गई योग्यता व शर्तों में इसे शामिल किया है।

छत्तीसगढ़ में किसी सरकारी विभाग में नौकरी के लिए पहली बार इस तरह के िनयम व शर्तें लागू की गई। विभाग में 200 से अधिक पदों पर संविदा भर्ती के लिए उम्मीदवारों से 28 दिसंबर तक आवेदन मंगाए गए हैं। भर्ती के लिए करीब 500 आवेदन भी आ गए हैं।

इसमें सभी पदों के लिए अलग-अलग योग्यताएं निर्धारित हैं, लेकिन इसके साथ-साथ सभी के लिए एक शर्त यह लागू की गई है कि वह तंबाकू का सेवन नहीं करता हो। प्रबंधन का दावा है कि इससे तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों में जागरुकता आएगी।

इसके साथ ऑफिस का वातावरण कामकाज के लिए अच्छा रहेगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी भी कर ली और इंटरव्यू के समय ही हर उम्मीदवारों की जांच की जाएगी। यदि कोई तंबाकू का सेवन करता होगा तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

इस आदेश का लिया गया सहारा

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत करीब एक साल पहले हर सरकारी ऑफिस को तंबाकू मुक्त घोषित किए जाने के संबंध में एक आदेश निकाला था। इसमें यह बताया गया था कि तंबाकू के सेवन से लोग कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, तपेदिक जैसे रोग का शिकार हो रहे हैं।

सार्वजनिक जगहों में धूम्रपान से गैर धूम्रपायी भी इसकी चपेट में आते हैं। लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए समस्त सरकारी कार्यालयों को तंबाकू मुक्त करने का आदेश समस्त विभागों को दिया गया था।

एक्सपर्ट व्यू – दांतों में धब्बे और गाल के भीतरी सफेद दाग से पहचान

प्रसिद्ध दंत रोग चिकित्सक डाॅ. सतीश शुक्ला ने बताया कि लगातार तंबाकू का सेवन करने वालों के दांतों में गहरे रंग के धब्बे हो जाते हैं। सामने और पीछे के दांतों में परत जमने लगती है।

इसे स्टेंस कहा जाता है, जिसके दांत में ऐसे धब्बे हैं वे तंबाकू के आदि हैं। डाॅ. अरविंद जैन के अनुसार तंबाकू को मुंह में दबाने वालों के गाल के भीतरी हिस्से का रंग रेडिश पिंक से सफेद होने लगता है। इसे लयुको फ्लेकिया कहते हैं। गाल के भीतरी हिस्से में सफेद निशान लगातार तंबाकू का सेवन करने वालों को ही होता है।

इधर, टीएस बोले- नए नियम लागू नहीं होंगे

भर्ती नियमों के अनुसार ही नियुक्तियां होंगी। अलग से कोई नए नियम लागू नहीं करेंगे। न केवल तंबाकू बल्कि सभी तरह के नशे का सेवन करने वालों पर नजर रखी जाएगी।
-टीएस सिंहदेव, स्वास्थ्य मंत्री

नशे के खिलाफ जागरूकता लाना उद्देश्य

सरकारी नौकरी की आचरण संहिता में नशे को गलत माना गया है। इसलिए भर्ती की शर्तों में रखा गया है। इससे लोगों में तंबाकू के नशे से होने वाले नुकसान को लेकर जागरुकता आएगी। जो उम्मीदवार तंबाकू के नशे से ग्रसित पाए जाएंगे उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *