टिकटॉक पर हुई दोस्ती, लेकिन जब शादी के लिए नहीं मानी लड़की तो मार दी गोली

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में शादी से मना करने पर एक शख्स ने एक महिला को गोली मार दी. यह घटना शुक्रवार की है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को उसके दोस्त के साथ अरेस्ट कर लिया है. गिरफ्तार शख्स की शिनाख्त हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले करण और पानीपत के रहने वाले प्रवीण के रूप में हुई है.

पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को हमें सूचना मिली कि एक महिला को एक युवक ने गोली मार दी. महिला ने शादी से इनकार किया था. महिला के पेट में गोली लगी थी, उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है. करण टिकटॉक पर लड़की से मिला था. वह शादी करने दिल्ली पहुंच गया, किन्तु लड़की को जैसे पता चला कि करण विवाहित है, उसने इनकार कर दिया. DCP (द्वारका) संतोष कुमार मीणा ने बताया कि शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी और उसी के आधार पर गोयला गांव के पास श्याम कुंज कॉलोनी में स्थित गोयला डेयरी रोड पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार लिया. करण 10 माह पूर्व टिकटॉक के जरिए पीड़िता के संपर्क में आया था. वह विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं, लेकिन उसने उसे नहीं बताया.

पुलिस का कहना है कि तीन माह पूर्व, जब पीड़िता को पता चला कि करण विवाहित है, तो वह उसे इग्नोर करने लगी. इस बीच पीड़िता का परिवार उसकी शादी करना चाह रहा था. करण नहीं चाहता था कि लड़की किसी और से विवाह करे. करण ने मोहन गार्डन से एक बाईक चुराई और प्रवीण से देशी कट्टा खरीदा. शुक्रवार को वह पीड़िता के घर में घुसते ही गोलियां बरसाने लगा. इस गोलीबारी में पीड़िता को गोली लग गई, जिसे अस्पताल में एडमिट कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस करण और उसके दोस्त प्रवीण को अरेस्ट कर लिया है. इसके साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *