महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में बिहार पुलिस का कांस्टेबल गिरफ्तार

पटना: बिहार पुलिस के एक सिपाही को एक महिला पुलिसकर्मी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में अरेस्ट किया गया है. आरोपी सिपाही का नाम राजीव कुमार है जो फिलहाल सहरसा जिले के पुलिस लाइन में तैनात है. पीड़ित महिला भी बिहार पुलिस में सिपाही है और उसकी ड्यूटी सासाराम में महिला बटालियन में है.

इस पूरे मामले में महिला पुलिसकर्मी का पति, जो खुद बिहार पुलिस में सिपाही है, उसने मंगलवार को राजीव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी को अरेस्ट किया गया.  दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में आरोपी, पीड़िता और शिकायतकर्ता तीनों बिहार पुलिस में सिपाही हैं. जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों से महिला पुलिसकर्मी पटना के गर्दनीबाग में सिपाही बहाली केंद्र पर ड्यूटी दे रहीं थी. शाम के समय आरोपी राजीव कुमार ने महिला पुलिसकर्मी को राजीव नगर थाना अंतर्गत एक होटल में बुलाया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता एक दूसरे को बहुत दिनों से जानते हैं.

जब महिला के पति को अपनी पत्नी के आरोपी सिपाही के साथ होने की जानकारी मिली, तो उसने राजीव नगर थाने में जाकर प्राथमिकी दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी फ़ौरन कार्रवाई करते हुए राजीव नगर में स्थित होटल पर छापेमारी की और आरोपी को अरेस्ट किया. हालांकि, इस पूरे मामले में पीड़िता ने अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं कराई है. पीड़िता को मंगलवार को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *