पत्नी और 3 साल के बच्चे को छोड़कर प्रेमिका के साथ भागा युवक

पहले भी किया था प्रेम विवाह

लड़की को फेसबुक पर एक लड़के से प्यार हुआ और फिर शादी हुई. पति ने शादी के समय जीने मरने की कसमें खाई थीं और सात जन्मों तक साथ-साथ रहने का वादा किया था. कुछ दिनों में ही पति को दूसरी औरत से प्यार हो गया. पति अपनी जीवन संगिनी और बच्चे को अकेला छोड़कर भाग गया. अब पत्नी अपने पति को ढूंढने के लिए शासन प्रशासन के दरवाजे पर दर-दर की ठोकरें खा रही है. जी हां, ये किसी फिल्म की कहानी नहीं बल्कि किसी की असल जिंदगी का हिस्सा है. दरअसल, ये मामला झारखंड के रामगढ़ जिले का है. जहां की रहने वाली किरण बेदिया नाम की युवती को वहीं के एक युवक अजय बेदिया से फेसबुक के माध्यम से प्यार हो गया. इसके बाद उन लोगों ने प्रेम विवाह कर लिया और दोनों साथ जीने मरने की कसमें खाते हुए साथ रहने लगे. लेकिन लड़की को नहीं पता था कि उसका ये प्यार उसे धोखा देकर जाएगा. शादी के कुछ समय बाद ही युवक के किसी दूसरी लड़की के साथ प्रेम संबंध बन गए और युवक बिना कुछ बताए अपनी पत्नी और 3 साल के बच्चे को बेसहारा छोड़कर भाग गया. अब युवती अपने बच्चे के साथ इंसाफ के लिए भटक रही है.

लड़की का आरोप है कि शिकायत के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. पुलिस प्रशासन भी केवल आश्वासन दे रहे हैं. पीड़िता किरण बेदिया का कहना है कि फेसबुक से बातचीत के दौरान प्यार हुआ और फिर वर्ष 2013 में विवाह बंधन में बंध गए. फिर अचानक पति दहेज को लेकर मारपीट करने लगा. 2017 में जब उनका बेटा हुआ तो रिश्ता धीरे-धीरे कमजोर होता चला गया. किरण बेदिया का आगे कहना है कि अब मेरा पति एक दूसरी लड़की से विवाह करके उसके साथ रहने लगा है और मुझे छोड़ दिया. अब इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही हूं पर कोई नहीं सुन रहा है. वहीं, किरण बेदिया का भाई भी अपनी बहन के साथ जिले के अधिकारियों से लेकर गोला थाना के चक्कर लगा लगा रहा है. पीड़िता के भाई का कहना है कि हम लोग कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे हैं. मैं बस यही अपील करता हूं कि मेरी बहन को इंसाफ मिले. इस पूरे मामले को लेकर रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी का कहना है कि पीड़िता के द्वारा आवेदन दिया गया है. मामले की जांच की जा रही हैं. जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *