अब जिले के सभी अस्पतालों में बनेगा मुफ्त ईलाज के लिए ई-कार्ड…

छत्तीसगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आज यहां बताया कि मुंगेली जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और योजना में पंजीकृत निजी अस्पतालों में ओपीडी व आई-पीडी में आने वाले मरीजों का निःशुल्क ई-कार्ड बनाया जाएगा। यह ई-कार्ड आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत और डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत एबी-पीएमजेएवाय डीकेबीएसएसवास के तौर पर दिया जाएगा। केन्द्र सरकार से संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में सामाजिक, आर्थिक व जातीय जनगणना 2011 की चयनित श्रेणियों में सूची शामिल परिवारों को हर साल 5 लाख रूपए की सहायता ईलाज के लिए दी जाती है। साथ ही राज्य सरकार से संचालित डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना का संचालन राज्य में जारी राशनकार्ड के आधार पर किया जा रहा है। इसमें अंत्योदय व प्राथमिकता राशन कार्डधारी परिवारों को 5 लाख रूपये व शेष एपीएल परिवारों को 50 हजार रूपये तक की स्वास्थ्य सहायता दिये जाने का प्रावधान है। सभी हितग्राहियों को अस्पताल आने पर साथ में अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड लाना अनिवार्य है। ई-कार्ड बनने से ईलाज के पहले ही पात्र होने की जानकारी मिल जाएगी। इसके अलावा वास्तविक ईलाज होने या आपातकालीन ईलाज की जरूरत होने की स्थिति में ई-कार्ड बने रहने से जल्द ईलाज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *