रायपुर, 26 दिसम्बर 2020
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के शासकीय पोस्ट मेट्रिक बालक छात्रवास पेण्ड्रा में किचन गार्डन से छात्रों को ताजी एवं पौष्टिक साग-सब्जी मिल रहा है। दरअसल छात्रावास के अधीक्षक, कर्मचारी और छात्रों द्वारा श्रम दान से छात्रावास परिसर में ही पौष्टिक साग-सब्जी का उत्पादन किया जा रहा है। छात्रावास अधीक्षक श्री अशोक मसराम की पहल पर छात्रवास परिसर में अनुपयोगी जमीन पर श्रम दान से किचन गार्डन तैयार किया गया। किचन गार्डन में जैविक खाद का प्रयोग कर ताजी और पैष्टिक हरी साग-सब्जी का उगाया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से भिंडी, लौकी, करेला, पालक भाजी, लाल भाजी, हरी मिर्च, टमाटर, धनिया का उत्पादन किया जा रहा है। इससे छात्रावास के छात्रों को ताजी एवं पौष्टिक भोजन प्राप्त हो रहा है। इसके अलावा बच्चों में बागवानी के प्रति भी उत्साह एवं आत्मविश्वास पैदा हुआ है। इसे देखते हुए संस्था की स्वच्छता व्यवस्था बागवानी व्यवस्था एवं खेल-कूद हेतु बालकों की अलग-अलग समितियों का भी गठन किया गया है। छात्रवास के कर्मचारियों और छात्रों के इस प्रयास को प्रशासन सहित अन्य छात्रवासों द्वारा भी सराहा जा रहा है।
