सूरजपुर 31 दिसम्बर 2020
सूरजपुर विकासखंड के ग्राम करवां गौठान में सफल रूप से शासन की महत्वकांक्षी योजना गोधन न्याय योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। गौठान में इंदिरा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा वर्मी कम्पोष्ट बनाने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि गौठान में 20 वर्मी बेड तैयार किये गये हैं जिनमें केंचुआ डाला गया है। वर्तमान में समूह के पास 40 क्विंटल वर्मी कम्पोष्ट तैयार है, जिसे 10 रूपये प्रति किलोग्राम के दर पर विक्रय किया जा रहा है, जिससे महिला समूह को आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है। तैयार केंचुआ खाद में से 10 क्विंटल आत्मा योजना अंतर्गत कृषि विभाग को दिया जायेगा एवं शेष केंचुआ खाद की बिक्री अन्य विभागों में किया जाएगा।
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश छिकारा के कुशल मार्गदर्शन में गौठानों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार प्रदाय करने के साथ ही वर्मी कम्पोष्ट तैयार कर खेतो की उर्वरता में भी वृद्धि की जा रही है जो जिले के विकास हेतु मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस कार्य में कृषि विभाग, पंचायत विभाग एवं वन विभाग के द्वारा समन्वय कर कार्य का सफल संपादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
