TMC का 23वां स्थापना दिवस आज, ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को कहा ‘धन्यवाद’

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का आज 23वां स्थापना दिवस है. पश्चिम बंगाल की सीएम और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी. TMC की स्थापना एक जनवरी 1998 को तत्कालीन सत्तारूढ़ वाम मोर्चे को सत्ता से बेदखल करने के लिए हुई थी.

सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि, “तृणमूल कांग्रेस आज 23 साल की हो गई है. यह सफर 1 जनवरी 1998 को आरंभ हुआ था. सफर बेहद संघर्ष भरा रहा है, किन्तु हम लोगों के लिए उद्देश्य को पूरा करने के लिए अपने संघर्ष पर अटल हैं. TMC के स्थापना दिवस पर मैं मां-मानुष-माटी और अपने सभी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया करती हूं, जो हर दिन बंगाल को बेहतर बनाने के लिए हमारा साथ देते हैं. आने वाले वक़्त में तृणमूल परिवार अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा.”

पश्चिम बंगाल के लिए 2020 सियासी अशांति, महामारी और प्राकृतिक आपदा का वर्ष रहा. राज्य में हालांकि, कोरोना और भीषण चक्रवात के मुकाबले राजनीतिक हलचल, तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की खबरें ज्यादा सुर्खियों में रहीं. राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने जहां पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस भी उसे रोकने के लिए वार-प्रतिवार करती दिखाई दी. राजनीतिक हिंसा ने राज्य को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला खड़ा किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *