रायपुर : बाबा गुरु घासीदास ने पूरी मानवता को दिया शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश -मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया

अभनपुर के गातापार में गुरु घासीदास जयंती के समापन कार्यक्रम में हुए शामिल

रायपुर 1 जनवरी 2021

नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया अभनपुर के गातापार में आयोजित गुरु घासीदास जयंती समारोह के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरू घासीदास के बताये मार्ग और सिद्धांतों पर चल रही है। गुरु घासीदास बाबा ने पूरी मानवता को सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति एवं भाईचारा का रास्ता दिखाया। बाबा ने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया। जातिविहीन समाज की परिकल्पना करके सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि संत किसी एक समाज के नही पूरे मानव समाज के होते हैं। बाबा गुरू घासीदास का यह संदेश सभी समाजों के लिए अनुकरणीय है।

गातापार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बाबा गुरू घासीदास के बताये मार्ग पर चलकर हम सब छत्तीसगढ़ को और अधिक विकसित राज्य बनायेंगे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चौतरफा विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गरीबों और किसानों, मजूदरों की सरकार है। सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की राह में आगे बढ़ने वाली सरकार है। क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक श्री धनेन्द्र साहू ने कहा कि बाबा गुरू घासीदास जी ने पूरी दुनिया को मानवता की राह दिखाई। बाबा ने सत्य ही ईश्वर है और ईश्वर ही सत्य है का संदेश दिया। बाबा के बताये रास्ते पर चलकर ही हम समाज एवं देश को आगे बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर प्रगतिशील सतनामी समाज के श्री टिकेन्द्र बघेल, श्री के पी खाण्डे, श्री सुंदरलाल जोगी, श्री खेमराज कोशले,श्री चेतन चंदेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पंथी के कलाकारों ने बाबा गुरु घासीदास के मानवता का संदेश को अपने आकर्षक नृत्य से प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *