भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को जिम में कसरत के दौरान ‘हल्के’ दिल के दौरे के बाद शनिवार दोपहर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सफल एंजियोप्लास्टी हुई। डॉक्टर्स ने बताया कि वह पूरी तरह ठीक है, उनकी हालत ‘स्थिर’ है।
डॉक्टरों ने पाया कि सौरव के तीन आर्टरी में ब्लॉकेज है, उनके Right coronary artery में स्टेंट लगाया है, अगले 24 घंटे तक उन्हें डॉक्टर्स की निगरानी में रखा जाएगा। 48 वर्षीय गांगुली के दिल में दो ब्लॉकेज थे, जिसका इलाज कर दिया गया है।
इस पूर्व बल्लेबाज का उपचार कर रहे वुडलैंड्स अस्पताल के डॉ. आफताब खान ने बताया कि, ‘गांगुली को अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार शाम वर्कआउट सत्र के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत दी और आज दोपहर दोबारा ऐसी समस्या के बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार गांगुली के उपचार के लिए पांच डॉक्टरों की टीम का गठन किया गया था।’
ममता बनर्जी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वुडलैंड्स अस्पताल पहुंचकर सौरव गांगुली से मुलाकात की और उनका हाल जाना। सौरव गांगुली से बातचीत के बाद सीएम ममता बनर्जी ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे बात की, वो अब ठीक हैं। मैं अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को धन्यवाद करती हूं।’
