बिहार से फिर सामने आया पकड़उवा विवाह का मामला, 20 वर्षीय युवक को किडनैप कर कराइ शादी

पटना: बिहार में पकड़उवा शादी यानी लड़के को पकड़कर जबरन शादी करा देने का मामला एक बार फिर प्रकाश में आया है। मामला लखीसराय से सामने आया है। आरोप है कि बड़हिया थाना क्षेत्र के गंगासराय गांव के पास से कार सवार अपराधियों ने आर्मी में चयनित एक लड़के को किडनैप कर उसकी जबरदस्ती शादी करा दी। वारदात से आक्रोशित परिवारवालों और गांव के लोगों ने पटना-लखीसराय मुख्‍य मार्ग को जाम कर दिया। वे लड़के की सकुशल वापसी और उसे किडनैप करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गंगासराय गांव के किसान मनोज सिंह का 20 वर्षीय बेटा शिवम कुमार आर्मी में चयनित हो गया है। उसे 14 जनवरी को ड्यूटी ज्‍वाइन करनी है। इस बीच वह गांव पर ही था। शिवम रोज सुबह मित्रों के साथ दौड़ने के लिए निकलता है। आरोप है कि इसी दौरान गंगासराय रेलवे लाइन के किनारे कार सवार बदमाशों ने उसे किडनैप कर लिया। बदमाश पांच की तादाद में थे। उन सबके पास हथियार थे। दोस्‍तों ने इसकी जानकारी परिवार को दी।

शिवम को किडनैप करने के बाद बदमाश उसे जमुई ले गए। वहां किसी मंदिर में उसकी जबरदस्ती शादी करा दी गई। शादी की तस्‍वीरें भी सोशल मीडिया में वायरल हो गईं। शिवम की शादी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग विरोध करने लगे। उन्‍होंने ग्रामीणों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *