9वीं-11वीं में नहीं होगा जनरल प्रमोशन, अपने स्कूलों में परीक्षा देंगे छात्र

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के नवमी और ग्यारहवीं के छात्रों को इस वर्ष जनरल प्रमोशन नहीं दिया जाएगा। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते छात्रों को जनरल प्रमोशन दिया गया था। लेकिन मौजूदा सत्र में छात्रों को अपने ही स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में जाकर ऑफलाइन परीक्षाएं देनी होंगी। स्कूल शिक्षा सचिव द्वारा इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर दी गई है, ताकि छात्र पर्याप्त समय पहले परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। इसके साथ ही प्राचार्याें को भी परीक्षा के संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं पहली से आठवीं कक्षा के संदर्भ में अब तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। फिलहाल इन कक्षाओं के छात्रों का असेसमेंट के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है। दसवीं में जो छात्र पूरक परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए हैं, उन्हें 11वीं कक्षा में दाखिला देकर उन्हें भी परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी।

देना होगा ब्योरा प्राचार्यों के लिए शनिवार को जेएन पांडे विद्यालय में विशेष बैठक रखी गई है। इसके लिए उन्हें कुछ बिंदु दिए हैं। इन बिंदुओं के आधार पर उन्हें अपने छात्रों की जानकारी देनी होगी। मुख्य फोकस 10वीं और 12वीं कक्षा पर रखा गया है। बोर्ड कक्षाओं में कितने छात्रों ने असाइनमेंट जमा किया और कितनों ने नहीं, इसकी सूची तैयार करनी होगी। इसके अलावा बाेर्ड परीक्षाओं के लिए फॉर्म जमा करने तथा अब तक आवेदन नहीं करने वाले छात्रों की संख्या भी बतानी होगी। बैठक में अध्ययन-अध्यापन संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा होगी। इसके अनुसार ही आगे की रूपरेखा बनाई जाएगी। कम से कम चार असाइनमेंट परीक्षा को लेकर छात्रों को तैयार करने कवायद भी तेज कर दी गई है। छात्रों को असाइनमेंट अक्टूबर माह से वितरित किए जा रहे हैं। इसे लेकर गंभीरता बरतने कहा गया है। छात्रों को हर विषय में कम से कम 4 असाइनेंट अपने स्कूलों में जमा करने होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि छात्र ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें मुख्य परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा। इन असाइनमेंट के आधार पर ही छात्रों का आंतरिक मूल्यांकन होगा, जिसके अंक मुख्य परीक्षाओं में जोड़े जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल पहले ही इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *