चलती बस में दौड़ा करंट, झुलसकर छह लोगों की मौत, 17 घायल

राजस्थान के जालोर जिले में शनिवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. चलती बस में  बिजली का करंट दौड़ने की वजह से 6 लोगों की झुलसकर मौत हो गई और करीब 17 लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक ये हादसा जालोर जिले के महेशपुर में हुआ, जहां  एक यात्री बस बिजली के तार के संपर्क में आ गई और देखते ही देखते छह यात्रियों की मौत हो गई.

जालोर के अडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर छगन लाल गोयल ने बताया कि यह घटना शनिवार रात साढ़े 10 बजे के आसपास हुई है. उन्होंने बताया कि हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी चार लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा. वहीं इस दुर्घटना में घायल 17 लोगों को जोधपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि बाकी गंभीर घायलों को जालौर से जोधपुर के एमडीएम अस्पताल के लिए रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है

मिली जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से भरी हुई दो बसें रास्ता भटक गईं थीं और एक गांव में पहुंच गईं. वहां रास्ते में बिजली का एक तार झूलता देख ड्राइवर ने बस रोक दी. बस का कंडक्टर बस की छत पर चढ़कर एक डंडे की मदद से बिजली के तार को ऊपर उठाने की कोशिश करने लगा ताकि बस को निकाला जा सके, इसी दौरान बस बिजली के तार की चपेट में आ गई और ये हादसा हुआ.

हादसे में जिनकी जान गई, उनके नाम हैं….. 
1- श्रीमती सोनल जैन पत्नी अनिल जैन, उम्र 44 वर्ष, शाहपूरा, ब्यावर अजमेर
2- श्रीमती सुरभी पत्नी अंकित जैन, उम्र 25 वर्ष, ब्यावर अजमेर
3- श्रीमती चांद देवी पत्नी गजराज सिंह, उम्र 65 वर्षा, ब्यावर
4- श्री राजेंद्र जैन पुत्र दौलचंद्र जैन, उम्र 58 साल, अजमेर

5- बस ड्राइवर, धर्मचंद्र जैन, प्रजापति ट्रेवल्स
6- खलासी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *