मासूम बोली- बड़े पापा और बड़ी मां सिगरेट से दागते और गुप्तांगों में मिर्ची पाउडर डाल देते थे, यूं सामने आई बर्बरता की कहानी

राजसमंद। यहां एक 7 साल की मासूम के साथ अमानवीयता और बर्बरता की ऐसी कहानी सामने आई है जिसे सुनकर रुह कांप उठेगी। मासूम की मां के गुजर जाने पर पिता ने उसे रिश्तेदार के यहां गांव में छोड़ दिया। खुद दूसरी शादी कर ली और नई पत्नी के साथ सूरत जाकर रहने लगा। फिर शुरू हुई मासूम के साथ यातना की ये कहानी।

मामला राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम थाना इलाके के थानेटा गांव का है। यहां से एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक 7 साल की बच्ची को नग्न कर दंपति उसे बेरहमी से पीट रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद बच्ची के साथ बर्बरता की कहानी सामने आई। बताया जा रहा है कि बच्ची को उसके पिता बड़े भाई और भाभी के यहां छोड़कर खुद नई दुल्हन के साथ सूरत चला गया। इधर बड़े पिता और बड़ी मां ने वो किया जिससे मानवता शर्मसार हो गई। वो मासूम से घर का सारा काम करवाते थे। यदि काम में कोई कमी रह जाती तो उसे सिगरेट और गर्म सरिए से दागकर दंड दिया जाता था। कई बार खाना भी नहीं दिया जाता था।

इतनी बर्बरता कि रुह कांप जाए : रिश्तेदार किशन सिंह (40) और उसकी पत्नी रेखा यहीं तक नहीं रुकते थे। वे गलती करने पर मासूम का नाखून खींच लेते थे। प्राइवेट पार्ट में मिर्ची डाल देते थे। हांथ-पांव बांधकर उल्टा लटकाकर पीटते थे। मासूम बेबस होकर अपने भाग्य को कोसती हुई ये सारी यातनाएं काफी दिनों से सह रही थी।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा :  शुक्रवार को बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसपर तुरंत संज्ञान लेते हुए चाइल्ड लाइन की टीम गांव पहुंची। वहां गांव वालों ने बच्ची पर हो रहे जुल्म की दास्तां बताई। इसके बाद टीम ग्रामीणों के साथ थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया गया। मामले में आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *