रायपुर : अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने मंत्रालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक में जिलों के सहायक आयुक्तों को विशेष पिछड़ी जनजातियों से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने के साथ ही इन वर्गों के बेहतर विकास के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्रता सेे पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में इसके अलावा उन्होंने विशेष कोचिंग योजनाओं के क्रियान्वयन और वर्ष 2018-19 के परीक्षा परिणामों की जानकारी ली गई।
अनुसूचित जाति और जनजाति विकास मंत्री ने आश्रम और छात्रावासों में स्वच्छता पर जोर देते हुए सभी शौचालयों के उचित रख रखाव के निर्देश भी दिए। डॉ. टेकाम ने कहा कि छात्रावास भवनों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि जिन स्थानों पर आश्रम-छात्रावासों के नवीन भवनों का निर्माण हो गया है वहां शीघ्र आधिपत्य लेकर कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाए। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 में अनुरक्षण, लघु निर्माण मद से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में वर्ष 2014-15 से 2017-18 तक स्वीकृत कार्यों की प्रगति, व्यय और उपयोगिता प्रमाण पत्र की जानकारी ली। वर्ष 2018-19 और 2019-20 में चयनित ग्रामों की ग्राम विकास योजना के प्रगति की समीक्षा की। एकलव्य आदर्श विद्यलायों में वर्ष 2019-20 में प्रवेश की स्थिति, भवन निर्माण की प्रगति और शिक्षकों की व्यवस्था की जानकारी ली।
बैठक में उपस्थित सहायक आयुक्तों को डीएमएफ फंड से कोई भी सामग्री क्रय करने के पूर्व उसकी सूचना मुख्यालय और आयुक्त कार्यालय को दिए जाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा अल्पसंख्यक छात्रावृत्ति योजना के अंतर्गत जिले की सभी संस्थाओं के सत्यापन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। विभाग के सचिव श्री डी.डी. सिंह ने आवश्यक निर्देश देते हुए सभी सहायक आयुक्तों से आगामी बैठक से पूर्व सभी लंबित प्रकरणों को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संचालक अनुसूचित जाति और जनजाति विकास विभाग श्री मुकेश बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
