रायपुर : खेल को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही राज्य सरकार: मंत्री डॉ डहरिया

नगरीय प्रशासन मंत्री ने किया क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ

रायपुर 15 फरवरी 2021

नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बलौदाबाजार में आयोजित स्व श्री कमलेश गर्ग स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेलों का बहुत महत्व होता है। इसलिए यह खेल बहुत लोकप्रिय है और गांव से लेकर शहर तक के सभी छोटे-बड़े लोग इस खेल को खेलते हैं। यह खेल जितना खेलने में अच्छा लगता है,उतना हीं इसे देखने में भी आनंद आता है। इससे शारीरिक विकास के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार क्षेत्र में इस तरह का आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को उभारने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
बलौदाबाजार के चक्रपाणी हाई स्कूल खेल मैदान में मंत्री डॉ.डहरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बैटिंग तथा टॉस कर किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार भी खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खेल का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर होता है। खेल का आयोजन निश्चित ही सरकार और विभाग द्वारा होने वाले खेल व आयोजन से जुड़ने का अवसर देते है। सरकार द्वारा खेल को बढ़ावा देने के साथ खेल मैदानों को भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और हार-जीत पर निराश नहीं होने की अपील की। आयोजन स्थल पर स्व श्री कमलेश गर्ग को भी याद किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 111111 रुपए, द्वितीय स्थान पर 55555 रुपए के साथ शील्ड और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्य के 64 टीमों ने भाग लिया है। मुख्य अतिथि डॉ डहरिया ने खिलाड़ियों का सम्मान भी किया। इस दौरान कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा, श्री हितेन्द्र ठाकुर, पूर्व विधायक श्री जनक राम वर्मा, श्री विद्याभूषण शुक्ला, श्री दिनेश यदु, रूपेश ठाकुर, विक्रम गिरी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *