मुजफ्फरपुर में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले 48 घंटे में पांच लोगों की मौत हो जाने से पुलिस और प्रशासनिक विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना जिले के कटरा थाना के दरगाह टोले में कल रात को हुई है। इसी टोले में तीन और लोगों की मौत होने की बात भी सामने आयी है। इनमें से एक के शव को कटरा पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

विनोद मांझी के शव का शुक्रवार को SKMCH में पोस्टमार्टम भी कराया गया। शुरूआती जांच में उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इसी टोले में गुरुवार को एक दंपती के दाह संस्कार के बाद जहरीली शराब पीने से मौत की बात सुर्खियों में आने पर रात में SSP खुद  अपनी टीम के साथ जांच करने गांव पहुंचे थे। किन्तु, पुलिस टीम शराब पीने से मौत होने की पुष्टी नहीं कर सकी। हालांकि शुक्रवार को जहरीली शराब के बिन्दु पर भी पुलिस ने पड़ताल शुरू की। श्वान दस्ता व मद्य निषेध टीम कई ठिकानों पर छापेमारी की। गांव के चौकीदारी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें चार लोगों की मौत की चर्चा की गई है।

शुक्रवार को विनोद मांझी के अतिरिक्त अजय मांझी व सोनल कुमार की भी मौत की भी चर्चा इलाके में होती रही। लेकिन, पुलिस केवल विनोद का शव ही बरामद कर सकी है। अन्य दो के आनन-फानन में दाह संस्कार कर दिये जाने की बात इलाके में फैलती रही। ग्रामीणों की मानें तो जिन पांचों मृतकों के नाम गिनाये जा रहे हैं, वे सभी एक ही जगह काम करते थे। आधा दर्जन अन्य ग्रामीण के भी बीमार होने और चोरी-छिपे उपचार कराये जाने की चर्चा चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *