मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को CBI का समन

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को समन जारी किया है. सीबीआई की एक टीम रविवार को कोल स्मगलिंग मामले में पूछताछ लिए समन लेकर कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची. यह पहली दफा है जब सीबीआई ने कोयला तस्करी मामले में पूछताछ करने के लिए टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को समन जारी किया है. सीबीआई नोटिस के मुताबिक अभिषेक बनर्जी से 24 घंटे के अंदर ही पूछताछ की जानी है.

सीबीआई पहले से ही अभिषेक बनर्जी के कई करीबियों के खिलाफ छापेमारी कर रही है. 31 दिसंबर 2020 को कोलकाता में तृणमूल यूथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी विनय मिश्रा के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी. यह रेड मवेशी तस्करी घोटाले को लेकर की गई थी. विनय मिश्रा को अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है. सीबीआई की टीम 31 दिसबंर को कोलकाता में विनय मिश्रा के ठिकानों पर पहुंची, और दो ठिकानों पर मवेशी घोटाले और एक जगह पर कोयला चोरी मामले में रेड मारी गई

सीबीआई ने कोयला तस्करी के मामले में 28 नवंबर 2020 को भी तीन राज्यों में 40 से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की थी, इसमें पश्चिम बंगाल भी शामिल था. उस दौरान सीबीआई ने जिन स्थानों पर छापेमारी की उनमें अनूप मांझी का परिसर भी शामिल था, जो इस मामले के संबंध में एजेंसी की जांच के दायरे में हैं. बंगाल में कोलकाता के अलावा, आसनसोल, दुर्गापुर और रानीगंज, बर्दवान और 24 परगना में भी तलाशी ली गई थी. अनूप माझी उर्फ लाला पर बंगाल और झारखंड की सीमा पर कोयले की तस्करी में शामिल रहने के आरोप हैं. आरोप लगाया जाता है कि माझी के बंगाल में मजबूत राजनीतिक संबंध हैं और उनकी संपत्ति करोड़ों में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *