भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

भोपाल। खंडवा लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का आज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया. 11 जनवरी को वे कोरोना पॉजिटिव पाये गए थे. इसके बाद उनका इलाज भोपाल के अस्पताल में चल रहा था. तबियत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था. जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.

जानकारी के मुताबिक, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का पार्थिव शरीर आज खंडवा लाया जाएगा, जहां से शाहपुर ले जाया जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नंद कुमार सिंह के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि खंडवा से लोकसभा सांसद श्री नंद कुमार सिंह चौहान जी के निधन से दुखी हूं. उन्हें संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल में योगदान और भाजपा को मध्यप्रदेश में मजबूत करने के प्रयासों के लिए याद किया जाएगा. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. ओम शांति.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद के निधन पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट करके कहा कि लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गए, हमारे सब प्रयास विफल हुए, नंदू भैया के रूप में बीजेपी ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया, मैं व्यथित हूं, नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है.

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया, नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी, कल हम सब उन्हें विदाई देंगे, मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *